Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए हरियाणा सरकार ने स्कूलों की इमारतों और पढ़ाई से जुड़ी सुविधाओं को सुधारने की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश में एक साल के भीतर 700 जर्जर स्कूलों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। वहीं, 719 उत्कृष्ट स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित की जाएंगी। फरीदाबाद में भी करीब 50 स्कूल जर्जर हालत में हैं। ऐसे में इन स्कूलों को नई इमारत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के साथ समीक्षा बैठक कर स्कूलों की स्थिति, शिक्षकों के खाली पदों, डिजिटल शिक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। नई इमारतों में प्राकृतिक हवा और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो। साथ ही, सोलर सिस्टम लगाने पर भी जोर दिया गया।
स्वयंसेवक भी कर सकेंगे बच्चों की पढ़ाई में मदद
सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य को मजबूत करने के लिए स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल शुरू किया गया है। इसके जरिए सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व सैनिक, समाजसेवी, बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी और पढ़ाने में रुचि रखने वाले लोग जुड़ सकेंगे। स्वयंसेवकों के चयन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी बनाई जाएगी। इसमें डीएसपी स्तर का पुलिस अधिकारी भी शामिल होगा।
हरियाणा अभिभावक एकता मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा और जिला महासचिव एडवोकेट बीएस बिरदी ने कहा कि मंच सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए सरकार के प्रयासों में सहयोग करेगा।

