October 14, 2026

गंदे हाथों से बच्चों में बढ़ सकता है संक्रमण का खतरा, साबुन से 20 सेकंड तक धोएं हाथ

खेलने के बाद और खाना खाने से पहले हाथ धोना जरूरी, डॉक्टरों ने माता-पिता को बच्चों में स्वच्छता की आदत डालने की दी सलाह

Prabhjot Kour/Alive News

Faridabad: बच्चों की हाथ धोने में की गई छोटी-सी लापरवाही उन्हें बीमार कर सकती है। खेल के मैदान, मिट्टी और दूसरी चीजों को छूने के बाद बच्चे अक्सर बिना हाथ धोए खाना खाने लगते हैं। कई बार वे गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह भी छू लेते हैं। इससे कीटाणु शरीर में पहुंचकर डायरिया, उल्टी, दस्त और पेट में संक्रमण जैसी बीमारियों का कारण बन सकते हैं। ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के अवसर पर डॉक्टरों ने बच्चों को हाथों की सफाई की आदत सिखाने पर जोर दिया।

मेरिंगो एशिया हॉस्पिटल की न्यूरोलॉजी विभाग की निदेशक डॉ. सुषमा शर्मा ने कहा कि नियमित रूप से हाथ धोना संक्रमण से बचाव का आसान और प्रभावी तरीका है। खाना खाने से पहले, शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद और बाहर से घर लौटने पर साबुन-पानी से हाथ धोने चाहिए। हाथों की सफाई से कई संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा कम किया जा सकता है।

एकॉर्ड अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभात ने बताया कि बच्चों को बाहर खेलने, मिट्टी में हाथ लगाने, खांसने-छींकने और पालतू जानवरों को छूने के बाद हाथ धोने चाहिए। इसके लिए साबुन और साफ पानी का इस्तेमाल करें। कम से कम 20 सेकंड तक हथेलियों, हाथों के पीछे, उंगलियों के बीच और नाखूनों के आसपास अच्छी तरह सफाई करें।

माता-पिता खुद बनें उदाहरण

डॉ. प्रभात के अनुसार, बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने में अभिभावकों की अहम भूमिका होती है। माता-पिता खुद नियमित रूप से हाथ धोकर बच्चों को प्रेरित करें। स्कूलों में भी खेल और गतिविधियों के माध्यम से हाथ धोने का सही तरीका सिखाया जाना चाहिए।