October 12, 2026

फरीदाबाद पुलिस के कांस्टेबल विक्की ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल, DCP ने किया सम्मानित

Faridabad/Alive News: 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में फरीदाबाद पुलिस के कांस्टेबल विक्की ने बॉक्सिंग के 90 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा पुलिस का नाम रोशन किया है। सितंबर 2026 में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने विक्की को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

हिमाद्री कौशिक ने कांस्टेबल विक्की को इस उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विक्की को वर्ष 2027 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश और हरियाणा पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

पहले भी दो बार जीत चुके हैं गोल्ड मेडल

कांस्टेबल विक्की इससे पहले भी ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। बॉक्सिंग के प्रति उनकी मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास ने उन्हें यह उपलब्धि हासिल करने में मदद की है।

विक्की मूल रूप से झज्जर जिले के गांव जसौरखेड़ी के रहने वाले हैं। उनके पिता भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं और खुद भी सेना में बॉक्सिंग के खिलाड़ी रहे हैं। पिता से मिले अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने विक्की को बॉक्सिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

फरीदाबाद पुलिस ने कांस्टेबल विक्की की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता की कामना की। उनकी उपलब्धि पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।