बीके अस्पताल में खड़े होकर और जमीन पर बैठकर करना पड़ा इंतजार, सीएमओ के आदेश पर कराया गया था काम
Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में शुक्रवार को ओपीडी के दौरान बेंचों पर काले रंग का पेंट किए जाने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों के बैठने के लिए जगह नहीं बची। ऐसे में किसी को खड़े होकर तो किसी को जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में पहले से ही मरीजों की भीड़ रहती है। ऐसे में बैठने की सुविधा प्रभावित होने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई।
मरीजों के लिए अस्पताल में बैठने की व्यवस्था इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग और शारीरिक परेशानी से जूझ रहे लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए इंतजार करते समय बेंच ही उनके आराम का सहारा होती हैं। लेकिन शुक्रवार को बेंचों पर पेंट किए जाने के कारण मरीजों को यह सुविधा नहीं मिल सकी। कुछ मरीजों को खड़े रहना पड़ा, जबकि कुछ जमीन पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करते नजर आए।
समय का ध्यान रखा जाता तो नहीं होती परेशानी
अस्पताल में बेंचों को पेंट करने का काम ओपीडी का समय खत्म होने के बाद दोपहर दो बजे के बाद या रविवार को कराया जा सकता था। इससे बेंचों की मरम्मत और रंगाई का काम भी हो जाता और मरीजों को परेशानी भी नहीं उठानी पड़ती। अस्पताल में रखरखाव के काम के दौरान मरीजों की सुविधा का ध्यान रखना जरूरी है। खासकर ओपीडी के समय ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बैठने जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित न होना पड़े।
क्या कहना है अधिकारी का
सीएमओ के आदेशानुसार अस्पताल में बेंचों को पेंट करने का काम कराया गया था।
– डॉ. विकास गोयल, कार्यकारी पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल

