October 9, 2026

सामान्य मरीजों के लिए अलग व्यवस्था, गंभीर रोगियों को समय पर इलाज दिलाने की तैयारी

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में खुलेगा फैमिली मेडिसिन विभाग, विशेषज्ञ ओपीडी में कम होगा सामान्य मरीजों का दबाव

Faridabad/Alive News: ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सामान्य बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की लंबी कतारों से राहत दिलाने की तैयारी की जा रही है। एनआईटी-3 स्थित अस्पताल में फैमिली मेडिसिन विभाग शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य खांसी, जुकाम, बुखार जैसी सामान्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को एक ही विभाग में शुरुआती जांच और इलाज उपलब्ध कराना है। इससे विशेषज्ञ विभागों में मरीजों का दबाव कम होने और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलने की उम्मीद है।

अस्पताल से करीब साढ़े छह लाख बीमित व्यक्ति जुड़े हुए हैं। यहां रोजाना लगभग चार हजार मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचते हैं। मेडिसिन, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हृदय रोग, स्त्री रोग और न्यूरोलॉजी विभागों में मरीजों की भीड़ अधिक रहती है। डॉक्टरों के अनुसार, इन विभागों में आने वाले मरीजों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की होती है, जिन्हें सामान्य बीमारियों के लिए शुरुआती उपचार की जरूरत होती है। इसके बावजूद उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों के पास पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।

सामान्य मरीजों की वजह से गंभीर रोगियों को भी करना पड़ता है इंतजार

विशेषज्ञ ओपीडी में सामान्य बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक होने से डॉक्टरों पर काम का दबाव बढ़ता है। इसका असर गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के इलाज पर भी पड़ सकता है। फैमिली मेडिसिन विभाग शुरू होने के बाद सामान्य बीमारियों वाले मरीजों की शुरुआती जांच और उपचार एक ही जगह किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर मरीज को संबंधित विशेषज्ञ के पास भेजा जा सकेगा। इससे मरीजों को सही विभाग तक पहुंचने में मदद मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।

विभाग शुरू करने की तैयारी

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हेमंत अत्री ने बताया कि अस्पताल परिसर में फैमिली मेडिसिन सेंटर खोलने की तैयारी की गई है। इस पर काम चल रहा है। जल्द ही मरीजों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।