October 9, 2026

छात्राएं घर-घर पहुंचाएं नशा मुक्ति का संदेश: डॉ. अशोक कुमार वर्मा

Faridabad/Alive News: हरियाणा को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से राजकीय आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला, फरीदाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 130 छात्राओं, वर्ग अनुदेशकों और अनुदेशकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस और उप पुलिस महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल यात्रा के माध्यम से संस्थान पहुंचे और छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशा मुक्ति केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्राएं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक कर सकती हैं।

उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने घर से नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत करें। माता-पिता, भाई-बहनों और रिश्तेदारों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताएं और किसी व्यक्ति को नशे की ओर बढ़ता देखकर उसे रोकने और सही दिशा दिखाने का प्रयास करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करने की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य सतीश कुमार ने की। इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक नरेश कुमार सहित अन्य अनुदेशक और कर्मचारी मौजूद रहे।