Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अडानी गैस कनेक्शन का बिल जमा कराने के नाम पर एक बुजुर्ग से 5 लाख 12 हजार 344 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इस मामले में अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-37 निवासी बुजुर्ग के व्हाट्सऐप नंबर पर 1 सितंबर को मैसेज आया था। मैसेज में कहा गया था कि अडानी गैस कनेक्शन का बिल जमा नहीं करने पर गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। मैसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। शिकायतकर्ता ने जब उस नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने उन्हें झांसे में लेकर “adani gas bill http://update.apk“ नाम की APK फाइल डाउनलोड करवा दी।
पुलिस के मुताबिक, APK फाइल डाउनलोड करते ही आरोपियों ने मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लिया और बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 5,12,344 रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दीपक कुमार मंडल निवासी गिरिडीह, झारखंड, अनिल कुमार मंडल निवासी देवघर, झारखंड, अश्विन भाई, खूंट धावल, मनीष भाई, दीप विट्ठलभाई और पीठाभाई भाया भाई निवासी सूरत, गुजरात को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक कुमार मंडल गिरोह का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वह टेलीग्राम के माध्यम से RTO और अडानी गैस से संबंधित लोगों का डाटा और APK फाइलें खरीदता था। इसके बाद दीपक और अनिल लोगों को कॉल कर बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने का डर दिखाते और APK फाइल डाउनलोड करवाते थे।
पुलिस के अनुसार, फाइल डाउनलोड होने के बाद आरोपियों को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता था। ठगी की रकम का इस्तेमाल क्रेडिट कार्ड के बकाया बिल भरने में किया जाता था। अश्विन के माध्यम से तीन क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए गए थे। मनीष, दीप विट्ठल और पीठाभाई क्रेडिट कार्ड धारक थे, जबकि खूंट धावल क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालकर दीपक तक पहुंचाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 20 हजार अडानी गैस उपभोक्ताओं और 1 हजार यूको बैंक उपभोक्ताओं का डाटा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 116 लोगों के पास APK फाइल भेजी थी। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल 6 मोबाइल फोन, सिम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

