Faridabad/Alive News: जिले में डेंगू के मामले बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी और एंटी लार्वा गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को विभाग ने डेंगू के 10 नए मरीजों की पुष्टि की। इसके साथ जिले में इस सीजन में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। राहत की बात यह है कि अब तक सामने आए सभी मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, जिले में मलेरिया के तीन मामले भी सामने आए हैं।
नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उनके घरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीमों ने जमा पानी में मच्छरों के लार्वा की जांच की और लार्वा मिलने पर उसे नष्ट कराया। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को डेंगू से बचाव के तरीके बताए गए। विभाग की ओर से अब तक 3200 से अधिक लोगों को घरों और आसपास पानी जमा मिलने पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कूलर, गमले, छत और अन्य जगहों पर पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। लगातार बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि डेंगू के नए मामले सामने आए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा अभियान चलाया जा रहा है। वही स्वाइन फ्लू का एक मरीज निजी अस्पताल में उपचार करा रहा है।

