Faridabad/Alive News: ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में बीके नागरिक अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसरों का तीन दिवसीय पेन डाउन आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि वे ट्रांसफर के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ट्रांसफर की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। जो कर्मचारी दूसरे स्थान पर जाने के इच्छुक हैं, पहले उनका ट्रांसफर किया जाए।
नर्सिंग ऑफिसर
बबीता राणा ने बताया कि वह फरवरी 2024 में अस्पताल में आई थीं और करीब तीन साल से यहां सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों के लिए अचानक किसी अनजान स्थान पर भेजे जाने से परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियां प्रभावित होती हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी हैं, जिन्हें घर और ड्यूटी दोनों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है।
नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि कोविड के दौरान भी उन्होंने लगातार मरीजों की सेवा की, लेकिन अब ट्रांसफर को लेकर उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि ट्रांसफर प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाए और कर्मचारियों की सहमति व सुविधा को भी ध्यान में रखा जाए। स्टाफ ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो राज्य स्तर पर आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

