Faridabad/Alive News: IPO में निवेश के नाम पर 67,400 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को नीमका जेल से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी साइबर ठगी के लिए बैंक खाते और बैंकिंग किट उपलब्ध कराने में शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष, संदीप कुमार, अमित, अनुराग वर्मा उर्फ नीलू उर्फ अनिल, शिवम शर्मा उर्फ भोला और ऋषभ सिकरवार उर्फ ऋषि के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 29 जून को उसे अचानक एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ लिया गया। ग्रुप में IPO और शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ी जानकारी दी जा रही थी। इसी दौरान ठगों ने शिकायतकर्ता को Sol Securities के नाम से ट्रेडिंग गतिविधियों का झांसा दिया और एक ऐप डाउनलोड करवाया।
इसके बाद IPO में अलॉटमेंट के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 67,400 रुपये जमा कराए गए। ठगों ने ऐप पर उसे 1.19 लाख रुपये का कथित मुनाफा भी दिखाया। जब शिकायतकर्ता ने रकम निकालने की कोशिश की तो उससे कहा गया कि उसका क्रेडिट स्कोर कम है और पैसे निकालने के लिए उसे और रकम जमा करनी होगी। इसके बाद उसे साइबर ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में पता चला कि आरोपी आशीष और संदीप कुमार ने अपने नाम से RBL बैंक में Stoic Chemicals Private Limited के नाम पर ज्वाइंट करंट अकाउंट खुलवाया था। दोनों ने इस खाते की बैंकिंग किट अपने साथियों को उपलब्ध कराई थी। वहीं, आरोपी अमित ने कंपनी का ऑफिस खुलवाने और उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाने में मदद की थी।
पुलिस के अनुसार, अनुराग वर्मा उर्फ नीलू उर्फ अनिल, शिवम शर्मा उर्फ भोला और ऋषभ सिकरवार उर्फ ऋषि ने यह बैंक खाता अपने साथियों से लेकर आगे साइबर ठगी के लिए दूसरे आरोपियों को उपलब्ध कराया था।
पुलिस टीम ने 5 अक्टूबर को आरोपियों को प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बैंक खाते और बैंकिंग किट साइबर ठगी के लिए आगे उपलब्ध कराने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस अब साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों, बैंक खातों और लेन-देन के बारे में पूछताछ कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अनुराग वर्मा के खिलाफ साइबर ठगी का एक अन्य मामला साइबर अपराध वेस्ट गुरुग्राम थाने में दर्ज है। शिवम शर्मा उर्फ भोला के खिलाफ साइबर क्राइम सेंट्रल फरीदाबाद थाने में एक अन्य साइबर ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा इन आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध बल्लभगढ़ थाने में भी साइबर ठगी से संबंधित एक अन्य मामला दर्ज है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

