Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष वीकेंड अभियान के दौरान तीन दिनों में 151 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह अभियान 2 से 4 अक्टूबर तक पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब, नशे, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों, क्राइम ब्रांच और स्पेशल टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 151 आरोपियों को काबू किया। इनमें 46 उद्घोषित अपराधी और जमानत पर फरार आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस ने 46 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 439 बोतल देसी शराब और 130 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस टीमों ने 2.852 किलोग्राम गांजा और 5.46 ग्राम MDMA भी बरामद किया। जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10,190 रुपये की नकदी बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस के मुताबिक, अपराध, नशा, अवैध हथियार, शराब और जुए जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

