October 6, 2026

खेलते समय कहासुनी के बाद बच्चे पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में खेलते समय दो नाबालिग बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक बच्चे पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-55 की टीम ने एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार केंद्र भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-56 निवासी यामिन ने शिकायत दी कि 4 अक्टूबर को उसका नाबालिग बेटा अपने एक दोस्त के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान दोस्त ने नुकीली वस्तु या चाकू से उसके बेटे की छाती पर हमला कर दिया।

हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-55 की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे खेलते समय दोनों बच्चों के बीच हुई कहासुनी थी। पुलिस ने अपचारी बालक को बाल सुधार केंद्र भेज दिया है।