Noida/Alive News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन को साकार करने और उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार का नया केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। चीन के प्रसिद्ध ‘यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी’ की तर्ज पर अब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIDA) क्षेत्र में विश्वस्तरीय ‘इंटरनेशनल ट्रेड सिटी’ विकसित की जाएगी। हाल ही में संपन्न हुई यीडा (YIDA) की बोर्ड बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना को मंजूरी दी गई है। इस ट्रेड सिटी के जरिए उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय निर्यात के लिए एक एकीकृत वैश्विक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
चीन के ‘यीवू’ मॉडल पर विकसित होगा एक छत के नीचे पूरा बाजार
चीन का ‘यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी’ दुनिया का सबसे बड़ा थोक व्यापार केंद्र माना जाता है, जहाँ लाखों प्रकार के उत्पादों के लिए संगठित बाजार और निर्यातक मौजूद हैं। इसी अवधारणा को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में बनने वाली यह ट्रेड सिटी एक ‘वन-स्टॉप ट्रेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में काम करेगी। यहां विभिन्न श्रेणियों के औद्योगिक उत्पादों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे दुनिया भर से आने वाले विदेशी खरीदार सीधे निर्माताओं से उत्पाद खरीद और आयात कर सकेंगे।
जेवर एयरपोर्ट और एयर कार्गो हब का मिलेगा रणनीतिक लाभ
इस परियोजना की सफलता का सबसे बड़ा आधार यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा है।
कनेक्टिविटी की ताकत: निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बिल्कुल करीब होने के कारण यहाँ से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और एयर कार्गो लॉजिस्टिक्स को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
आवाजाही में आसानी: एक्सप्रेसवे नेटवर्क और औद्योगिक गलियारों के सीधे जुड़ाव से कच्चे माल के आने और तैयार उत्पादों को दुनियाभर के बाजारों में भेजने का परिवहन खर्च और समय दोनों काफी कम हो जाएगा।
MSME और ODOP के लिए गेमचेंजर साबित होगी ट्रेड सिटी
छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) तथा ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ के उद्यमियों के सामने अक्सर अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और विदेशी खरीदार ढूंढने की बड़ी चुनौती होती है।

