October 6, 2026

एक सप्ताह में 45 साइबर ठग गिरफ्तार, 13.48 लाख रुपये बरामद; 3.48 लाख रुपये फ्रीज

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने एक सप्ताह में 45 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 13,48,600 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 3,48,600 रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 के बीच की गई। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में तीनों साइबर थानों की टीमों ने कुल 9 मामलों में 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें साइबर थाना NIT के 4, साइबर थाना सेंट्रल के 2 और साइबर थाना बल्लभगढ़ के 3 मामले शामिल हैं।

इस दौरान साइबर पुलिस टीमों ने 176 साइबर शिकायतों का निपटारा भी किया। गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ सिकरवार, सोमवीर सिंह, शुभम, रवि, अरविंद, तालिम, हिमांशु, विकाश, द्वारका प्रसाद, सुरेश निठारवाल, प्रवीण, अमित, निहाल, ऋषभ, विशाल जाटव, शुभम भटनागर, हरिओम कुमार, तुषार नाथ, मानव अरोड़ा, रवि कुमार, राहुल सिंह, संयम गुप्ता, राहुल चौरसिया, आशुतोष राय, प्रभाकर, सुमित, दीपक, अभिषेक सिंह, कुलदीप, शिवम, सराजिका, अनिल कुमार, शुभ त्रिपाठी, सुभाष, अर्साल डोगल, जतिन, लक्की, अभिषेक, दलजीत, प्रिंस, शिल्पा, गोपाल और जमशेद शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही किसी को भी OTP न बताएं। पुलिस के मुताबिक, बैंक या कोई अधिकृत संस्था फोन पर ग्राहकों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।