Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने NIT-1 क्षेत्र से दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान NIT फरीदाबाद निवासी जतिन भाटिया और लुधियाना, पंजाब निवासी नूर आलम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि NIT-1 क्षेत्र में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान जतिन के कब्जे से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस, जबकि नूर आलम के पास से एक पिस्टल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं। जतिन ने पिस्टल और कारतूस उत्तर प्रदेश से करीब 70 हजार रुपये में खरीदे थे। वहीं, नूर आलम ने एक पिस्टल अमृतसर से करीब 1.50 लाख रुपये में खरीदी थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि नूर आलम पंजाब के अमृतसर में करीब तीन महीने पहले दर्ज हुए हत्या के एक मामले में वांछित है। पुलिस का कहना है कि इसके बाद वह फरीदाबाद में जतिन के पास रहने के लिए आया था।
पुलिस ने बताया कि जतिन के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े और हत्या के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, नूर आलम के खिलाफ हत्या और स्नैचिंग के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस हथियारों की खरीद-फरोख्त और दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ करेगी।

