Faridabad/Alive News: हरियाणा विधानसभा की प्रदूषण एवं पर्यावरण संबंधी समिति के चेयरमैन एवं विधायक राम कुमार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण को प्रशासनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए। वायु और जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से ठोस और समयबद्ध कार्रवाई करें।
फरीदाबाद में समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राम कुमार कश्यप ने कहा कि सर्दियों में वायु प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना लागू करना जरूरी है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण उपकरण और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उद्योगों से निकलने वाले पानी का उपचार सुनिश्चित किया जाए और उपचारित पानी का अधिक से अधिक दोबारा इस्तेमाल हो। प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों के लिए दी जा रही सब्सिडी का लाभ लेने वाली औद्योगिक इकाइयों का भौतिक निरीक्षण भी किया जाए।
चेयरमैन ने औद्योगिक क्षेत्रों और सरकारी जमीन पर पौधरोपण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाली स्थानों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए और लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी तय हो।
बैठक में कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे, खुले में कचरा जलाने, तार जलाने, धूल प्रदूषण और निर्माण कार्यों के दौरान धूल नियंत्रण जैसे मुद्दों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद समिति ने विभिन्न स्थानों का फील्ड निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन, औद्योगिक क्षेत्रों, सीईटीपी, एसटीपी और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सेक्टर-62-63 और अल्फलाह यूनिवर्सिटी में पौधरोपण भी किया गया।
बैठक में विधायक घनश्याम दास, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, विधायक मामन खान, उपायुक्त आयुष सिन्हा और नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

