Faridabad/Alive News: पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के उत्तरी क्षेत्र-I क्षेत्रीय मुख्यालय, फरीदाबाद की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को कार्यपालक निदेशक (उत्तरी क्षेत्र-I) युगेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में क्षेत्रीय मुख्यालय से सेक्टर-16 मार्केट तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में पावरग्रिड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान विद्यालयी बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वच्छता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया। पावरग्रिड की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

