September 26, 2026

सेक्टर-12 की हाईटेक लाइब्रेरी में जल्द मिलेंगी किताबें, खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 टाउन पार्क में तैयार हाईटेक लाइब्रेरी को विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। लाइब्रेरी के लिए विभिन्न विषयों की किताबें खरीदी जाएंगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किताबें उपलब्ध होने के बाद यहां आने वाले पाठकों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी अध्ययन सामग्री एक ही जगह मिल सकेगी।
करीब 5.84 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक लाइब्रेरी में एक साथ करीब 200 विद्यार्थियों के बैठकर पढ़ने की व्यवस्था है। यहां कंप्यूटर, ई-लाइब्रेरी, हाईस्पीड इंटरनेट, रीडिंग हॉल, ग्रुप डिस्कशन चैंबर, ऑडियो-विजुअल और मल्टीमीडिया रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किताबों की खरीद पूरी होने के बाद इन सुविधाओं का विद्यार्थियों और अन्य पाठकों को अधिक लाभ मिल सकेगा। लाइब्रेरी में सामान्य अध्ययन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न सरकारी नौकरियों और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भी अध्ययन के लिए स्थान और सामग्री मिल सकेगी। प्रशासन का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं के साथ ऐसा अध्ययन केंद्र उपलब्ध कराना है, जहां विद्यार्थी नियमित रूप से पढ़ाई कर सकें।

दो बार उद्घाटन को लेकर रही चर्चा में 
सेक्टर-12 की यह लाइब्रेरी 28 दिसंबर 2025 को उद्घाटन को लेकर चर्चा में आई थी। उस दिन करीब दो घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में इसका उद्घाटन किया गया था। पहले राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, तत्कालीन मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर यहां पहुंचे थे। इसके करीब दो घंटे बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी समर्थकों और अन्य नेताओं के साथ लाइब्रेरी पहुंचे थे। अब प्रशासन का फोकस लाइब्रेरी को किताबों और अध्ययन सामग्री से लैस कर इसे विद्यार्थियों के नियमित उपयोग के लिए तैयार करने पर है।