September 25, 2026

पीएम मोदी बोले- समाज सुधार के लिए काम करें, सिर्फ वोटबैंक की राजनीति के लिए नहीं

पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से बातचीत करते हुए

New Delhi/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में लगातार सुधार और सकारात्मक बदलाव के लिए काम करना चाहिए, केवल वोटबैंक की राजनीति के लिए नहीं।

पीएम मोदी ने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि गांधी जी ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ने के साथ सामाजिक सुधार के लिए भी काम किया। उन्होंने समाज में मौजूद बुराइयों को दूर करने पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि आज भी हमें सामाजिक सुधार और सकारात्मक परिवर्तन के लिए लगातार काम करते रहना चाहिए।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन 17 सितंबर को दो सेवा बाइक यात्राओं को रवाना किया गया था। इनमें से एक यात्रा वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर के लिए शुरू हुई। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को होगा। इन यात्राओं का आयोजन पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने के लिए किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने सेवा यात्राओं को बताया महत्वपूर्ण

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सेवा यात्राओं ने उनके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि देश के शायद ही किसी जिले में जाने का उन्हें अवसर नहीं मिला हो। यात्राओं के दौरान मिले अनुभव आज भी उनका मार्गदर्शन करते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गांवों और शहरों के बीच का अंतर कम हुआ है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार हुआ है और महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ी है।

पीएम मोदी ने कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन के संस्कार दिए, जबकि काशी ने उनके संस्कारों में सेवा के कई रंग जोड़े। उन्होंने सेवा यात्रा में शामिल युवाओं की भी सराहना की।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय का किया जिक्र

पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय हमेशा लगातार आगे बढ़ने का संदेश देते थे और खुद भी लगातार यात्राएं करते रहे। पीएम मोदी ने कहा कि सेवा यात्री के रूप में लगातार चलते रहना ही लक्ष्य होना चाहिए और इसके लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय से प्रेरणा ली जा सकती है।

24 सितंबर को भी सेवा यात्रियों से की थी बातचीत

पीएम मोदी ने 24 सितंबर को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों से बातचीत की थी। करीब 10 समूहों में बाइक सवार वडनगर से वाराणसी तक की यात्रा कर रहे हैं।

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने यात्रा से जुड़ी एक पुरानी कहावत का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि यात्रा से लौटे व्यक्ति का सम्मान करने से यात्रा से मिले आध्यात्मिक पुण्य का हिस्सा सम्मान करने वाले व्यक्ति को भी मिलता है।

17 सितंबर को मनाया गया था ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को देशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव आयोजित किए गए थे। कई राज्यों में लोगों ने दीये जलाकर जन्मदिन कार्यक्रम किए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद की कांकरिया झील पर आरती की थी। शाह ने वडनगर से वाराणसी के लिए करीब 1300 किलोमीटर लंबी बाइक यात्रा को भी रवाना किया था।