Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी रहीस और सकील के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिव कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 9 जून 2025 को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गई हुई थी। 12 जून को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है और घर में चोरी हो गई है। महिला ने घर पहुंचकर देखा तो सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने रहीस और सकील को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी किए गए 2 सोने की चेन, 5 सोने की अंगूठियां, 5 सोने के लॉकेट, एक जोड़ी सोने के कान के झुमके, एक जोड़ी सोने की बालियां और एक जोड़ी सोने के टॉप्स बरामद किए हैं। इसके अलावा 3 चांदी की पायल और 3 जोड़ी चांदी के बिछुए भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बरामद आभूषणों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

