Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की AVTS सिकरोना टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीनों गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 8 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। सितंबर महीने में पुलिस ने कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और 19 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि AVTS सिकरोना की टीम ने वाहन चोरी में सक्रिय अलाउदीन-फरीद गैंग, आसिफ-मोहित गैंग और मुस्तकीम उर्फ मऊ-हाकम गैंग के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इन गैंग से जुड़े 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आसिफ-मोहित गैंग से 2, मुस्तकीम उर्फ मऊ-हाकम गैंग से 4 और अलाउदीन-फरीद गैंग से 2 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। अलाउदीन और फरीद पहले से जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ पुत्र फकरू निवासी गांव धौज, फरीदाबाद और मोहित शर्मा पुत्र चेतराम निवासी गांव सुनहेरा, थाना कामां, जिला डीग, राजस्थान शामिल हैं। मोहित वर्तमान में फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के समयपुर बैरागी चौक पर किराये पर रह रहा था। वहीं, मुस्तकीम उर्फ मऊ पुत्र महमूद निवासी गांव धौज और हाकम पुत्र यूनुस निवासी गांव लहरवाड़ी, थाना सदर पुन्हाना, जिला नूंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
अलाउदीन पुत्र अल्लाहदिया निवासी सौरव विहार, जैतपुर, बदरपुर बॉर्डर, दिल्ली और फरीद उर्फ नैने पुत्र मुस्ताक निवासी प्रह्लादपुर पुल, दिल्ली भी इस गैंग से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले से जेल में बंद हैं।
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि इन तीन गैंग के अलावा पुलिस टीम ने 8 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस प्रकार सितंबर महीने में AVTS सिकरोना की कार्रवाई के दौरान कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी और नेटवर्क में शामिल दूसरे आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में बरामद वाहनों का संबंध फरीदाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से मिला है। इनमें थाना सेंट्रल, सेक्टर-17, सेक्टर-58, शहर बल्लभगढ़, मुजेसर, कोतवाली, सूरजकुंड और खेड़ी पुल क्षेत्र के मामले शामिल हैं। कुछ वाहन वर्ष 2022 और 2023 में दर्ज पुराने मामलों से संबंधित हैं, जबकि कई वाहन वर्ष 2025 और 2026 में हुई चोरी की वारदातों से जुड़े हैं। पुलिस बरामद वाहनों को संबंधित मुकदमों से जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा की कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत भी चार वाहन बरामद किए गए हैं। इनका संबंध थाना मुजेसर, सराय ख्वाजा और शहर बल्लभगढ़ में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से है। एसीपी क्राइम ने कहा कि वाहन चोरी की वारदातों में शामिल अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

