Faridabad/Alive News: थाना पल्ला क्षेत्र में ATM कार्ड बदलकर खाते से 26,500 रुपये निकालने के मामले में अपराध शाखा DLF की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ATM कार्ड और 26,500 रुपये बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, श्याम कॉलोनी, पल्ला निवासी सुमित कुमार ने शिकायत दी थी कि 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे वह शनि बाजार के पास स्थित हिताची ATM से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान ATM बूथ में मौजूद दो लोगों ने धोखे से उसका कार्ड बदल लिया। इसके बाद उसके खाते से 26,500 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा DLF की टीम ने नियाज मोहम्मद निवासी गांव गंगेरू, शामली, हाल लोनी, गाजियाबाद और नईम अल्वी निवासी गांव गंगेरू, शामली, हाल संगम विहार, लोनी, गाजियाबाद को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने 15 सितंबर को पल्ला क्षेत्र में ATM कार्ड बदलकर 26,500 रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने थाना NIT क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति के साथ भी वारदात करने का प्रयास किया था, जिसके चलते वे पकड़े गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से एक ATM कार्ड और 26,500 रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

