Faridabad/Alive News: 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आयुष विभाग की ओर से सोमवार को तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमित चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए।
डॉ. सुमित चक्रवर्ती ने कहा कि अस्पताल बीमित व्यक्तियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए लगातार काम कर रहा है। अस्पताल में आयुर्वेद, योग, होम्योपैथी और पंचकर्म के माध्यम से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार ने भी आयुष विभाग को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. संदीप योगाचार्य ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यशाला में मरीजों की विशेष स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आयुर्वेद एवं योग से जुड़ी सेवाएं दी जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और आयुष चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी देना है।

