Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-58 पुलिस ने महिला से दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार बैरवा निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान, हाल निवासी मयूर विहार, दिल्ली को 17 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि अभिषेक कई वर्षों से उसकी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और महिला की मुलाकात राजस्थान के एक मेले में हुई थी। इसके बाद दोनों ने फोन नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला की फोटो-वीडियो बना ली और बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसने महिला की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

