September 18, 2026

गर्भवती महिलाओं को मिलेगा पौष्टिक आहार, गर्भ में पल रहे शिशु के विकास में मिलेगी मदद

Faridabad/Alive News: गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत गर्भवती महिलाओं को एक साल तक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सोसाइटी की ओर से डाइट की आपूर्ति के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसकी अनुमानित लागत करीब 18 लाख रुपये रखी गई है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें भुने चने, आटा, दाल समेत अन्य खाद्य सामग्री शामिल रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अतिरिक्त पोषक तत्वों की जरूरत होती है। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने पर कमजोरी और खून की कमी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसका असर गर्भवती के स्वास्थ्य के साथ बच्चे के विकास पर भी पड़ सकता है।
जच्चा-बच्चा दोनों के लिए जरूरी पोषण
पीएमएसएमए के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ पोषण पर भी ध्यान दिया जाता है। विभाग का उद्देश्य महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर रखना है।