Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग गिरोह का पर्दाफाश किया है। AVTS-2 भूपानी की टीम ने पिछले तीन सप्ताह में कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 21 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक JCB मशीन शामिल है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराध शाखा की टीम वाहन चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पांच गिरोह से जुड़े चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार साहिल-धीरेंदर गैंग से जुड़े आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। वहीं राहुल-आमिर गैंग से एक JCB मशीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक JCB मशीन की बरामदगी इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इसी तरह फैसल-मुफीद-रशीद गैंग से चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो बरामद किया गया। फैजल-मोशिम उर्फ सहीद गैंग से तीन चोरी की मोटरसाइकिल मिली हैं। वहीं फज्जर गैंग के आरोपियों से चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जांच में उनके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और चोरी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की अन्य वारदातों, चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने अन्य मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों से दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस अब बरामद वाहनों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

