Faridabad/Alive News: बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सिर्फ स्कूल की पढ़ाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। अभिभावक बच्चों की रुचि और प्रतिभा को पहचानें और शिक्षक उन्हें सही दिशा देने का काम करें। यह बात हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को फरीदाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सेक्टर- दस और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल दौलताबाद के दौरे के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने दोनों स्कूलों में विद्यार्थियों की सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए दस-दस लाख रुपये देने की घोषणा की।
राज्यपाल ने दोनों स्कूलों में कक्षाओं के अलावा पेयजल, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राइमरी विंग में बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और स्कूल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टाइफंड देने की भी घोषणा की।
बच्चों को डांटने के बजाय दोस्त बनें अभिभावक
राज्यपाल ने कहा कि हर बच्चे में अलग प्रतिभा होती है। कोई पढ़ाई तो कोई खेल या दूसरे क्षेत्र में बेहतर कर सकता है। ऐसे में अभिभावक बच्चों पर अपनी पसंद थोपने के बजाय उनकी रुचि समझें। उन्होंने कहा कि बच्चों को पर्याप्त समय दें और उनकी समस्याओं को सुनें। उन्हें डांटने के बजाय प्यार और संवाद के जरिए समझाएं और अपना दोस्त बनाएं। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों का मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
खेल मैदान की व्यवस्था कराने के निर्देश
राज्यपाल ने स्कूलों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल और शौचालयों का भी निरीक्षण किया। स्कूल में खेल मैदान नहीं होने पर बच्चों के लिए मैदान की व्यवस्था कराने को कहा। मिड-डे मील की जानकारी लेते हुए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर राज्यपाल और प्रथम महिला मित्रा घोष का डीसी आयुष सिन्हा व स्कूल मैनेजमेंट कमेटी ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में एशियन जूनियर हॉकी गोल्ड मेडलिस्ट कुणाल तेवतिया, एफआईए प्रेसिडेंट राज भाटिया, इंडो ऑटो टेक के डायरेक्टर सतीश जैन, सिद्धार्थ चावला और एस्कॉर्ट कुबोटा के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम डॉ. हन्नी बंसल, डीईओ अंशु सिंगला और डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

