Faridabad/Alive News: थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव ताजूपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव ताजूपुर निवासी जगमीत ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 4-5 महीने पहले उसके पिता मुकेश कुमार का गांव के ही प्रवीन और आलोक के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ युवकों को बुलाकर मुकेश कुमार को धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 को मुकेश कुमार मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 3 बजे परिवार को सूचना मिली कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की है। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने रोहित उर्फ ताकी, निवासी गांव दयालपुर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुकेश कुमार का कुछ महीने पहले प्रवीन और आलोक के साथ विवाद हुआ था। दोनों ने इस विवाद की जानकारी अपने बुआ के बेटे कुलदीप को दी थी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद कुलदीप ने रोहित उर्फ ताकी और कुछ अन्य युवकों को एकत्र किया।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को जब मुकेश कुमार मंदिर जाने के लिए निकले, तब आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में मुकेश कुमार की मौत हो गई।
पुलिस मामले में हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपी से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।

