Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक एक खाताधारक और तीन खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भाटिया कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने 30 नवंबर 2025 को अपने मोबाइल फोन में Fam App डाउनलोड किया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 50 हजार, 40 हजार और 5 हजार रुपये, यानी कुल 95 हजार रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने विपिन, निवासी गांव बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि विपिन ने खाताधारक दिपांशु का बैंक खाता रजत के माध्यम से प्राप्त कर साइबर ठगों तक पहुंचाया था। पुलिस के मुताबिक, ठगी की 95 हजार रुपये की रकम इसी बैंक खाते में प्राप्त हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हापुड़ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

