Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वर सरकार को मैदान में उतारा है।
हसीरानी रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ की 6 मई की रात नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी उम्र 42 साल थी। यह घटना विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तीन दिन बाद हुई थी।
नंदीग्राम में TMC के दोनों गुट आमने-सामने
उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दोनों गुट भी अलग-अलग उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं। रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउज्जमान शेख को उम्मीदवार बनाया है। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को टिकट दिया है।
दोनों गुट खुद को असली TMC बताते हुए ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न पर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं और 16 सितंबर तक जवाब देने को कहा है।
अगर चुनाव से पहले आयोग इस विवाद पर फैसला नहीं करता है, तो TMC का मौजूदा चुनाव चिह्न अस्थायी रूप से फ्रीज हो सकता है। ऐसी स्थिति में दोनों गुटों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ना पड़ सकता है।
नंदीग्राम BJP और TMC की सियासी लड़ाई का केंद्र
नंदीग्राम पश्चिम बंगाल की राजनीति में बेहद अहम सीट मानी जाती है। 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन ने इस क्षेत्र को राज्य की राजनीति के केंद्र में ला दिया था। इस आंदोलन ने ममता बनर्जी और TMC को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर से भी चुनाव लड़ा और दोनों सीटों पर जीत हासिल की। भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हराया था। बाद में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नंदीग्राम सीट खाली हुई और अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
बंगाल समेत 4 राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव
पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम की सीटों पर भी उपचुनाव होना है।
- तमिलनाडु: मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटें विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं।
- पुडुचेरी: थट्टानचावड़ी विधानसभा सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई।
- पश्चिम बंगाल: रेजीनगर और नंदीग्राम सीटें क्रमशः हुमायूं कबीर और शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुईं।
- असम: नगांव लोकसभा सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
इन सभी सीटों पर उपचुनाव के जरिए नए प्रतिनिधि चुने जाएंगे।

