Faridabad/Alive News: सेक्टर-69 निवासी एक व्यक्ति से जानकार बनकर 27,510 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी रामकुमार (24) और बॉबी (22) के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-69 निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 14 अगस्त को उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को उसका जानकार बताया और एक स्कैनर भेजकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 27,510 रुपये भेज दिए।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने रामकुमार और बॉबी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि रामकुमार ने शिकायतकर्ता को कॉल कर ठगी की थी और वह इस मामले का मास्टरमाइंड है। वहीं बॉबी उसे बैंक खाता और सिम उपलब्ध करवाता था। दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, रामकुमार 10वीं और बॉबी 12वीं तक पढ़ा है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

