September 14, 2026

‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज, रणबीर- साई पल्लवी के राम-सीता विवाह की दिखी भव्य झलक

Ramayana movie Jai Jai Ram song featuring Ranbir Kapoor and Sai Pallavi as Ram and Sita

Mumbai/Alive News: अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। गाने में भगवान राम और माता सीता के दिव्य संबंध के साथ उनके विवाह की भव्य झलक देखने को मिलती है।

‘जय जय राम’ को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गाने के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। फिल्म के म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर पर ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हैंस जिमर भी काम कर रहे हैं।

राम-सीता के विवाह की दिखी भव्य झलक

गाने के विजुअल्स में भगवान राम और माता सीता के रिश्ते को आध्यात्मिक और भव्य अंदाज में दिखाया गया है। खास तौर पर राम और सीता के विवाह के दृश्य लोगों का ध्यान खींचते हैं।

गाने में ‘जय जय राम’ का बार-बार इस्तेमाल किया गया है, जो इसे भक्ति और मंत्र के भाव से जोड़ता है। इसके बोल भगवान राम के प्रति श्रद्धा, विश्वास और उनकी शरण में जाने की भावना को सामने रखते हैं।

गाने में पारंपरिक धार्मिक श्लोकों का भी इस्तेमाल किया गया है। इससे फिल्म की पौराणिक कहानी को आधुनिक संगीत और भव्य विजुअल्स के साथ पेश करने की कोशिश नजर आती है।

रणबीर कपूर बने राम, साई पल्लवी सीता के किरदार में

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं साउथ सुपरस्टार यश फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी फिल्म का हिस्सा हैं।

ए.आर. रहमान और हैंस जिमर का म्यूजिक

‘रामायण’ के संगीत को लेकर भी काफी चर्चा है। ए.आर. रहमान और ऑस्कर विजेता हॉलीवुड कंपोजर हैंस जिमर इस बड़े प्रोजेक्ट के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर पर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के तहत किया जा रहा है। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है और पहला भाग नवंबर 2026 में दिवाली के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज होने की बात कही गई है।

4000 करोड़ के बजट की चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ के दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। अगर यह आंकड़ा सही है तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होगी।

फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG को दी गई है। फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है।