Mumbai/Alive News: गणेश चतुर्थी से एक दिन पहले रविवार को बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा गणपति बप्पा को अपने घर लेकर आईं। इस दौरान वह अकेले ही ढोल की थाप पर खुशी से झूमती और डांस करती नजर आईं। सुनीता के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों का ध्यान इस बात पर गया कि इस खास मौके पर गोविंदा और उनके बच्चे उनके साथ नजर नहीं आए। फैंस सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग सवाल कर रहे हैं।
पिछले साल गोविंदा के साथ जमकर थिरकी थीं
पिछले साल गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर अनबन और तलाक की चर्चाएं खूब सुर्खियों में रही थीं। हालांकि, गणेशोत्सव के दौरान दोनों एक साथ नजर आए थे और गणपति विसर्जन के मौके पर जमकर डांस भी किया था। ऐसे में इस बार गणपति बप्पा के स्वागत के दौरान गोविंदा की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
गणेशोत्सव के मौके पर अंबानी परिवार ने भी हर साल की तरह गणपति बप्पा का स्वागत किया। राधिका मर्चेंट परिवार के साथ बप्पा के दर्शन के लिए पहुंचीं। अनंत अंबानी भी इस दौरान मौजूद रहे।
कई बॉलीवुड सितारों के घर पहुंचे बप्पा
गणेशोत्सव को लेकर बॉलीवुड में भी खास उत्साह देखने को मिला। शिल्पा शेट्टी, हंसिका मोटवानी और धनश्री वर्मा समेत कई सितारों ने अपने घरों में गणपति बप्पा की स्थापना की और पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की।
वहीं महानायक अमिताभ बच्चन भी अपने बंगले जलसा के बाहर फैंस से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ लिखा हुआ पटका पहना था।
सलमान खान के परिवार में भी हर साल होता है गणपति उत्सव
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के परिवार में भी हर साल गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। खान परिवार आमतौर पर सलमान की बहन अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के घर गणपति बप्पा का स्वागत करता है।
पिछले साल सलमान खान अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गणपति पूजा और आरती में शामिल हुए थे। परिवार के कई सदस्य और करीबी दोस्त भी इस उत्सव का हिस्सा बने थे।
गणेशोत्सव के मौके पर बॉलीवुड सितारों के घरों में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है, जबकि सुनीता आहूजा का अकेले बप्पा को घर लाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खास चर्चा में बना हुआ है।

