September 12, 2026

1 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप: CBI ने CGST सुपरिंटेंडेंट और कंसल्टेंट को 10 लाख लेते दबोचा

CGST रिश्वत मामले में सुपरिंटेंडेंट और कंसल्टेंट की गिरफ्तारी पर CBI कार्रवाई

New Delhi/Alive News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रिश्वतखोरी के एक मामले में CGST विभाग के सुपरिंटेंडेंट और एक कंसल्टेंट को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक निजी कंपनी से एक करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी थी।

CBI के अनुसार, आरोपियों की पहचान CGST सुपरिंटेंडेंट पंकज कुमार और कंसल्टेंट प्रसाद कुमार स्वामी के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 10 लाख रुपए की रिश्वत कंसल्टेंट को देने के लिए कहा गया था। CBI ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामला रायगढ़ जिले के न्यू पनवेल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक निजी रियल एस्टेट कंपनी सेक्टर-17 में दो इमारतों के पुनर्विकास का काम कर रही है। इन इमारतों में CGST और सेंट्रल एक्साइज, रायगढ़ कमिश्नरेट के स्वामित्व वाले 24 फ्लैट भी शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की CBI हिरासत में भेज दिया गया। CBI मामले की आगे जांच कर रही है।