Nagpur/Alive News: महाराष्ट्र के नागपुर में बैंक कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर 4.53 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद बैंक कर्मचारियों और पुलिस ने आरोपी का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे भांडे प्लॉट इलाके में हुई। बैंक कर्मचारी ATM से कैश लेकर SBI की शाखा लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और 4.53 लाख रुपये लेकर भागने लगा। पूरी वारदात बैंक में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
शोर मचाने पर कर्मचारियों ने किया पीछा
आरोपी को कैश लेकर भागते देख बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाया और उसका पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान गश्त कर रहे बीट मार्शल और पुलिसकर्मियों की नजर भी आरोपी पर पड़ी। पुलिस और बैंक कर्मचारियों ने मिलकर उसका पीछा किया और करीब 30 मिनट के भीतर उसे पकड़ लिया।
B.Sc. ग्रेजुएट है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है। वह नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील के तातोली गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, सूरज B.Sc. ग्रेजुएट है और फिलहाल बेरोजगार है। शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी को वारदात की एक वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में वह अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को बैंक में कैश आने की जानकारी कैसे मिली।

