Noida/Alive News: नोएडावासियों को अब विभिन्न स्थानों पर कारों के शोरूम खोजने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राधिकरण ने सेक्टर-105 में एक आधुनिक आटो शोरूम हब विकसित करने की योजना बनाई है।
इसके लिए प्राधिकरण ने कंपनियों से आवेदन आमंत्रित करते हुए एक्सप्रेशन आफ इंट्रेस्ट (ईओआई) जारी किया है। यह हब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थापित किया जाएगा।
पार्किंग के लिए ग्राहक रहते हैं परेशान
प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए 12,596 वर्गमीटर व्यावसायिक भूमि चिह्नित की है, जहां विभिन्न वाहन कंपनियों के शोरूम के साथ अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
इस योजना के तहत आटो शोरूम के लिए पांच भूखंड, एक बहुमंजिला पार्किंग, दो रेस्टोरेंट और एक अतिरिक्त व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं।
वर्क सर्किल आठ वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि प्रत्येक शोरूम भूखंड का आकार लगभग 2,231 से 2,300 वर्गमीटर होगा, जबकि बहुमंजिला पार्किंग के लिए 2,261 वर्गमीटर भूमि निर्धारित की गई है। रेस्टोरेंट के लिए 500-500 वर्गमीटर के भूखंड रखे गए हैं, जिससे ग्राहकों को खरीदारी के साथ-साथ खाने-पीने की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नोएडा में कई वाहन शोरूम विभिन्न स्थानों पर स्थित हैं, जिससे ग्राहकों को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ता है। नए ऑटो हब में पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था से इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

