May 6, 2024

फायर कर्मी छटनी मामला : कर्मचारियों ने किया जोरदार झाडू प्रदर्शन

Faridabad/Alive News : फायर बिग्रेड़ विभाग के एकीकरण करने के नाम पर 10-15 वर्षो से लगे फायरमैनों एवं ड्राईवरों की संभावित छंटनी के खिलाफ जहां प्रदेश के सभी पालिका, परिषदों व निगमों के कर्मचारियों ने सडक़ों पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इसी श्रृंखला में आज नगर निगम फरीदाबाद के कर्मचारियों ने भी जोरदार झाडू प्रदर्शन किया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने चेतावनी दी है कि यदि एक भी फायर कर्मचारी को नौकरी से निकाला तो संघ, आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। निगम कर्मचारी भोजन अवकाश के समय एक नम्बर स्थित फायर स्टेशन पर एकत्रित हुए तथा विशाल जलूस की शक्ल में झाडू प्रदर्शन करते हुए निगम मुख्यालय पर पहुंचे और विरोध सभा की।

सभा में पश्चिम बंगाल की ममता सरकार द्वारा कर्मचारियों का किया जा रहा शोषण के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया तथा सभा के बाद निगम की मेयर कार्यालय व निगम आयुक्त कार्यालय पर रेशनलाईजेशन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, राज्य सचिव सुनील चिन्डालिया, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान अशोक कुमार, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह, फेडरेशन के प्रधान रमेश जागलान, वरिष्ठ उपप्रधान शाहबीर खान, रणसिंह भड़ाना, फायर के नेता रवि चंदीला, सुरेन्द्र, गुरूचरण खाण्डिया, नानकचंद खैरालिया, श्रीनंद ढकोलिया आदि नेताओं ने किया।