August 17, 2026

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान आज संभव, अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी की वापसी के आसार

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी की वापसी संभव

New Delhi/Alive News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में फिर से अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

नितिन नवीन ने करीब 7 महीने पहले भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से ही उनकी नई टीम का गठन लंबित था। अब मानसून सत्र के बाद पार्टी नई संगठनात्मक टीम तैयार कर सकती है। इसमें अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह मिलने की संभावना है।

पार्टी की नई टीम में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को भी ध्यान में रखा जा सकता है। संगठन में अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की जा सकती है।

राष्ट्रीय टीम में कई बड़े पद

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 राष्ट्रीय महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, 15 राष्ट्रीय सचिव और एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की चर्चा है। संगठन में कुल 38 तक पदाधिकारी हो सकते हैं।

इसके साथ ही नितिन नवीन भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन कर सकते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी पार्टी की प्रमुख निर्णय लेने वाली संस्था है। इसमें अध्यक्ष सहित अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कम से कम 40 महिलाओं और 12 एससी-एसटी वर्ग के सदस्यों को शामिल किया जाना जरूरी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जरूरत के अनुसार विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी नियुक्त कर सकते हैं।

अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी के नाम चर्चा में

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद अनुराग ठाकुर को नई राष्ट्रीय टीम में अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। वह केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल जैसे मंत्रालय संभाल चुके हैं। वह वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

वहीं, भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी भी राष्ट्रीय संगठन में वापसी कर सकती हैं। वह केंद्र में मंत्री रह चुकी हैं और 2019 से 2024 तक अमेठी से लोकसभा सांसद रहीं। इससे पहले वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुकी हैं।

मध्य प्रदेश से इन नेताओं के नाम चर्चा में

भाजपा की नई टीम में मध्य प्रदेश से भी कई नेताओं को जगह मिलने की चर्चा है। खरगोन से सांसद और आदिवासी नेता गजेंद्र पटेल, अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले लालसिंह आर्य और ओबीसी वर्ग से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार के नाम चर्चा में हैं।

इसके अलावा बंशीलाल गुर्जर, अर्चना चिटनीस और अरविंद भदौरिया के नामों पर भी राज्य के नेताओं से राय लिए जाने की बात सामने आई है।

हालांकि, नई राष्ट्रीय टीम में अंतिम तौर पर किन नेताओं को शामिल किया जाएगा, इसका फैसला भाजपा नेतृत्व की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।