August 18, 2026

फोन हैक कर 93 हजार रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फोन हैक कर 93 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपियों को जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजमोहन मीणा (24) और अंकित (22) के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, NIT क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 22 अप्रैल 2026 को उसका फोन हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 93 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित ने योगेंद्र का बैंक खाता लेकर उसे राजमोहन को दिया था। राजमोहन ने यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। ठगी की रकम योगेंद्र के खाते में आई थी। योगेंद्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, अंकित और राजमोहन एक ही गांव के रहने वाले हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।