August 15, 2026

ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई, 7 अवैध देसी कट्टों के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 14 अगस्त को अलग-अलग अपराध शाखाओं की टीमों ने कार्रवाई की। अपराध शाखा बॉर्डर ने तिलपत निवासी सूरज, वेदराम कॉलोनी पल्ला निवासी रोहित और लोहा पुल सराय निवासी सचिन को गिरफ्तार किया। तीनों से एक-एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसी टीम ने NIT निवासी बादल को सराय टोल से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा बरामद किया।

अपराध शाखा NIT ने एसजीएम नगर निवासी राहुल को सेक्टर-45 से अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। वहीं अपराध शाखा सेक्टर-65 ने गांव भूपानी निवासी सन्नी को डबुआ मंडी से और अपराध शाखा सेंट्रल ने भगत सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी सोपाली को सेक्टर-77 से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, सूरज, सचिन और बादल के खिलाफ पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट समेत तीन-तीन मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अवैध हथियारों के साथ-साथ नशा तस्करी, लूट, झपटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।