August 11, 2026

बैग चेकिंग में 11वीं के छात्र के पास मिला चाकू, दो मोबाइल और एयरगन पर नहीं हुई पुलिस कार्यवाही 

Faridabad/Alive News: 2025-26 के एकेडमिक सेशन में विधायक मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में शुरू हुए सेक्टर-3 स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को चेकिंग के दौरान 11वीं क्लास के एक स्टूडेंट के बैग से चाकू, दो मोबाइल, एयरगन और माचिस मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची, लेकिन अभी तक स्टूडेंट के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। स्कूल अधिकारियों का कहना है कि स्टूडेंट जन्मदिन के लिए चाकू,  एयरगन  और अन्य सामान लेकर आया था।
स्कूल की डीडीओ सीमा गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को टीचर्स को सूचना मिली थी कि किसी स्टूडेंट के बैग में चाकू, मोबाइल, एयरगन और माचिस है। इसके बाद टीचर्स ने सभी क्लासों में जाकर स्टूडेंट्स के बैग की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान 11वीं क्लास के एक स्टूडेंट के बैग में यह सामान मिला। इसके बाद टीचर्स ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान टीचर्स को यह जानकारी नहीं थी कि बैग से मिली एयरगन असली नहीं है। पुलिस ने मौके पर जांच के बाद बताया कि वह टूटी हुई खिलौना एयरगन थी। वहीं, चाकू को एक स्टूडेंट अपने जन्मदिन पर केक काटने के लिए लाया था। चेकिंग शुरू होने पर वह घबरा गया और चाकू दूसरे स्टूडेंट के बैग में छिपा दिया था। स्कूल प्रबंधन ने सामान जब्त कर स्टूडेंट के माता-पिता को स्कूल बुलाया गया है।

पुलिस के सामने स्टूडेंट ने माना- सामान उसी का है
स्कूल में मौजूद अमित ने बताया कि जिस स्टूडेंट का जन्मदिन था, वही एयरगन, चाकू, दो मोबाइल और माचिस लेकर स्कूल आया था। चेकिंग के दौरान उसने सामान दूसरे स्टूडेंट के बैग में छिपा दिया था। पुलिस के स्कूल पहुंचने पर स्टूडेंट ने खुद माना कि सारा सामान उसी का है। 
अभी तक नहीं हुआ कोई केस दर्ज
उन्होंने कहा कि इस मामले में स्टूडेंट के खिलाफ अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। स्कूल स्तर पर स्टूडेंट से माफीनामा लेने और आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई है। स्कूल प्रबंधन स्टूडेंट को स्कूल से निकालने की कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है।

वर्जन 

वह एयरगन खिलौने वाली थी और उस बच्चे का जन्मदिन था। हालांकि स्कूल में यह सब सामान लाना गलत है, तो अब स्टूडेंट पर कार्यवाही तो होगी।

– अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी