August 11, 2026

जीवा स्कूल में रोटरी इंटरैक्ट क्लब का शपथग्रहण समारोह आयोजित, वेदांत चौहान बने अध्यक्ष

जीवा पब्लिक स्कूल फरीदाबाद में रोटरी इंटरैक्ट क्लब का शपथग्रहण समारोह।

Faridabad/Alive News: सेक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में रोटरी इंटरैक्ट क्लब के नए सदस्यों के इंस्टॉलेशन एवं शपथग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इंटरैक्ट क्लब, रोटरी क्लब का युवा संगठन है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर समारोह में उत्साह का संचार किया। जीवा संस्थान के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने रोटरी क्लब के अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव और प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर उपस्थित रहीं।

समारोह के दौरान चुने गए नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। कक्षा 11 के वेदांत चौहान को अध्यक्ष, भव्या को उपाध्यक्षा, अंशुमन को सचिव, वंशिका को संयुक्त सचिव और अनन्या नेगी को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही आदित्य अय्यर, लावण्या, अंश मिश्रा, काश्विनी, इशी और अवनी को निदेशक पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समारोह में क्लब की पूर्व सदस्या नीति गोयल की उपलब्धि का विशेष उल्लेख किया गया, जिन्हें वर्ष 2025–26 में सामाजिक सेवा और नेतृत्व में उत्कृष्ट योगदान के लिए रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 द्वारा ‘बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द ईयर’ के प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट इंटरैक्ट चेयर रोटेरियन राकेश कुमार, रोटरी क्लब फरीदाबाद आस्था के अध्यक्ष रोटेरियन उमंग मलिक, कोषाध्यक्ष रोटेरियन नीरज भूटानी और रोटेरियन मधुसूदन चौहान मौजूद रहे।

रोटेरियन उमंग मलिक ने रोटरी क्लब के ‘सुकन्या समृद्धि संकल्प’ अभियान की जानकारी देते हुए बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने पर जोर दिया। रोटेरियन मधुसूदन चौहान ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि संवेदनशील और अच्छा इंसान बनना है।

अंत में जीवा संस्थान के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि जीवा लर्निंग सिस्टम भारतीय शिक्षा-दृष्टि और आधुनिक शिक्षण पद्धति के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और मानवीय संस्कारों को गढ़ने पर केंद्रित है।