Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच एनआइटी की टीम ने बल्लभगढ़ के मेन बाजार में तीन दुकानों पर छापामारी कर टाटा ब्रांड की चाय के 387 संदिग्ध पैकेट बरामद किए हैं।
शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दुकानों से अलग-अलग पैकिंग में चाय के पैकेट कब्जे में लिए हैं। प्रारंभिक शिकायत में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के कॉपीराइट और ब्रांड का अवैध इस्तेमाल कर नकली टाटा प्रीमियम टी बेचने का आरोप लगाया गया है।
बल्लभगढ़ थाने में की थी शिकायत
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की ओर से अधिकृत विधिक सलाहकार प्रभात गुप्ता, स्पीड सर्च सिक्योरिटी लिमिटेड ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी।
शिकायत में बताया गया कि मेन बाजार की कुछ दुकानों पर टाटा ब्रांड का दुरुपयोग करते हुए नकली टाटा प्रीमियम टी तैयार कर उसे असली उत्पाद के रूप में बेचा जा रहा है।
संदिग्ध चाय के पैकेट बरामद किए
शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच एनआइटी की टीम ने मेन बाजार में अलग-अलग दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान तीन दुकानों से संदिग्ध चाय के पैकेट बरामद किए गए।

