August 10, 2026

डायनेस्टी स्कूल में श्रीराम चरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता आयोजित; 47 विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति

डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल फरीदाबाद में रामचरितमानस चौपाई एवं गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता के विजेता छात्र।

Faridabad/Alive News: जन कल्याण संस्था ने सेक्टर-28 में डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यालय स्तरीय श्रीराम चरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एस. सी. गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता में संस्था के संस्थापक प्रधान एस. सी. गुप्ता, रविन्द्र कुमार मनचंदा, लक्ष्मण शर्मा और जे. पी. शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 47 विद्यार्थियों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियां दीं, जिनमें से 28 विद्यार्थियों ने श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन और 19 विद्यार्थियों ने श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में भाग लिया।

रविन्द्र कुमार मनचंदा ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में अनिका (ग्रुप द्वितीय), नायरा (ग्रुप तृतीय) तथा सुकृति (ग्रुप चतुर्थ) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में लविक (ग्रुप द्वितीय), सानवी (ग्रुप तृतीय) तथा मरालिका (ग्रुप चतुर्थ) प्रथम घोषित किए गए।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेताओं को आगामी जोनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि द्वितीय स्थान पर रहे विद्यार्थियों को विद्यालय में ही जन कल्याण संस्था द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर
एस. सी. गुप्ता पिछले 34 वर्षों से फरीदाबाद और पलवल के विभिन्न विद्यालयों में इस प्रतियोगिता का आयोजन कराते आ रहे हैं। इस वर्ष की श्रृंखला की शुरुआत स्कॉलर्स प्राइड विद्यालय से हुई थी। मनचंदा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को सनातन संस्कृति, भगवान श्रीराम के आदर्शों और श्रीमद्भगवद्गीता के कर्म सिद्धांत से जुड़ने और समझने का मार्ग मिल रहा है।

कार्यक्रम के अंत में जन कल्याण संस्था ने विद्यालय के प्राचार्य नितिन वर्मा, कार्यक्रम संयोजिका गौरी कौशिक, आचार्य योगेन्द्र, अध्यापिका नयना तथा संगीतज्ञ विकास एवं हरीश का उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।