Faridabad/Alive News: हरियाणा को “नशा मुक्त प्रदेश” बनाने के संकल्प के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में HSNCB की फरीदाबाद यूनिट ने थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर बिल्लौच में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त की हैं और एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस उप महानिरीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, IPS के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
यूनिट प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उप निरीक्षक जसबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव फतेहपुर बिल्लौच (होली चौक के पास) का निवासी प्रवीन कुमार पुत्र मुरारी लाल अपने मकान, गोदाम और मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने का धंधा चला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और आरोपी प्रवीन कुमार को मौके पर ही धर दबोचा।
नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में कमर्शियल क्वांटिटी (व्यावसायिक मात्रा) की नशीली दवाएं Alprazolam Tablets: 6,246 गोलियां, Tramadol Capsules: 109 कैप्सूल, Tramadol Tablets: 125 गोलियां,
Tramadol Injections: 386 इंजेक्शन बरामद की गई।
बरामद नशीली दवाओं को सील कर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर बल्लभगढ़, फरीदाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली दवाओं का यह जखीरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों को की जानी थी। ब्यूरो इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहा है।

