August 9, 2026

फरीदाबाद से दिल्ली मेट्रो सफर में लगेगा ज्यादा समय, 10 स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ी

Faridabad Delhi Metro stations security increased before Independence Day

Faridabad/Alive News: स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को देखते हुए फरीदाबाद के मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। 9 से 16 अगस्त तक यात्रियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही मेट्रो स्टेशन में प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में फरीदाबाद से दिल्ली की ओर रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक सामान्य से ज्यादा समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

फरीदाबाद में वायलेट लाइन के सराय से राजा नाहर सिंह स्टेशन के बीच कुल 10 मेट्रो स्टेशन हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले इन सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर यात्रियों की जांच के साथ उनके बैग और सामान की भी तलाशी ली जाएगी।

स्टेशन परिसर के अंदर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास और यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआईएसएफ के जवान लगातार निगरानी करेंगे।

पीक आवर्स में बढ़ सकती है वेटिंग

कड़ी सुरक्षा जांच के कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में मेट्रो स्टेशनों के बाहर और प्रवेश द्वार पर यात्रियों की कतार लंबी हो सकती है। सामान की जांच और यात्रियों की स्क्रीनिंग में अतिरिक्त समय लगने की संभावना है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सामान्य दिनों की तुलना में कुछ समय पहले घर से निकलें।

डीएमआरसी के संचार विभाग के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे जांच प्रक्रिया में सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें।

सुरक्षा व्यवस्था के दौरान यात्रियों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षाकर्मियों को देने की भी अपील की गई है। स्वतंत्रता दिवस के चलते दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा एजेंसियां सार्वजनिक स्थानों और परिवहन व्यवस्था पर विशेष निगरानी रख रही हैं।