Faridabad/Alive News: सरकार के निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग ने जिले में बिना मान्यता के संचालित प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग जल्द ही ऐसे स्कूलों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी करेगा। निर्धारित समय में आदेशों का पालन नहीं करने पर स्कूलों को बंद कराने के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लों ने कहा कि शिक्षा विभाग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए जिले में बिना मान्यता के संचालित सभी प्राइवेट स्कूलों की पहचान की जाएगी। जांच के बाद संबंधित स्कूलों को तत्काल नोटिस जारी कर स्कूल बंद करने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि इसके बावजूद स्कूल बंद नहीं होता है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान स्टूडेंट की पढ़ाई और फीस का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों में पढ़ रहे
स्टूडेंटको अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों में ट्रांसफर किया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

