Faridabad/Alive News: हरियाणा कांग्रेस द्वारा नियुक्त फरीदाबाद जिला कांग्रेस के छह नए ब्लॉक अध्यक्षों ने बुधवार को दिल्ली स्थित सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
पूर्व विधायक नीरज शर्मा, कांग्रेस नेता पराग शर्मा, रोहित नागर और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता तरुण तेवतिया के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पृथला ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण तंवर, मोहना ब्लॉक अध्यक्ष बंटी हुड्डा, तिगांव ब्लॉक अध्यक्ष हातम अधाना, एनआईटी ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह, बढ़खल एमसी-1 ब्लॉक अध्यक्ष राकेश और बल्लभगढ़ एमसी-1 ब्लॉक अध्यक्ष रितु कुंडू शामिल रहे।
इस दौरान सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि वे ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाएंगे।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के हर बूथ तक संगठन को सक्रिय करें और आम जनता की समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों के बीच रहना चाहिए और उनके सुख-दुख में भागीदार बनना चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में फरीदाबाद में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का काम तेजी से आगे बढ़ेगा।

