Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की थाना छायंसा टीम ने मोहना स्थित सरस्वती स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को अपराध, नशे और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक बनाकर उन्हें सही दिशा में प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से कानून का पालन करने, अनुशासित जीवन जीने और किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जागरूक नागरिक समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पुलिस ने विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, ई-सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के नुकसान के बारे में भी बताया। अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत से स्वास्थ्य, पढ़ाई, पारिवारिक जीवन और भविष्य पर बुरा असर पड़ता है तथा कई बार यह युवाओं को अपराध की ओर भी ले जाती है।
छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने परिवार और दोस्तों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
थाना छायंसा के प्रबंधक निरीक्षक गोपाल दास ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, महिला एवं बाल सुरक्षा और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त, अपराधमुक्त और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

