August 3, 2026

सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए 27 अवैध कटों को बंद करने का फैसला

Noida/Alive News: गौतमबुद्ध नगर में अवैध कटों को बंद किया जा रहा है। इसी क्रम में नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए 27 अवैध कटों को बंद करने का फैसला लिया गया है। एआरटीओ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि इन कटों को कंक्रीट बैरियर या लोहे की ग्रिल लगाकर सील किया जाए।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सड़क दुर्घटनाओं और जाम की वजह बन रहे 27 अवैध कटों को बंद किया जाएगा। यह फैसला सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने लिया है। इसके लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र भेजा गया है। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को अवैध कटों की सूची के साथ औपचारिक रूप से पत्राचार किया है।

एआरटीओ के अनुसार, सड़क सुरक्षा के लिहाज से ये 27 कट काफी संवेदनशील हैं। सड़कों पर अवैध रूप से बने ये कट अक्सर होने वाले हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। शॉर्टकट लेने के चक्कर में वाहन चालक गलत दिशा में मुड़ जाते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। इन कटों के कारण जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है।